👉देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के स्वागत में गोहाना रेलवे जंक्शन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
Haryana News: हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक संचालन से पूर्व गोहाना रेलवे जंक्शन पर गुरुवार को आयोजित ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा अपनी धर्मपत्नी डॉ. रीता शर्मा एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं झाड़ू लगाकर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की तथा श्रमदान कर रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अतिथि का स्वागत सर्वोच्च परंपरा रही है। हम प्रतिदिन अपने घर की साफ-सफाई करते हैं, लेकिन जब कोई विशिष्ट अतिथि आने वाला होता है तो पूरे उत्साह और समर्पण के साथ घर को सजाते-संवारते हैं।
इसे भी पढ़ें दक्षिण हरियाणा को मिलेगी आधुनिक चिकित्सा और हरित रेल की सौगात, पीएम मोदी करेंगे बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण
17 जुलाई को जब देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पहली बार गोहाना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, तब यह केवल एक ट्रेन का आगमन नहीं होगा, बल्कि आधुनिक भारत के इतिहास का स्वर्णिम क्षण होगा। इसी भावना के साथ आज रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया है। मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इस परियोजना से गोहाना को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक पहचान भी मिलेगी और यह शहर आधुनिक एवं स्वच्छ परिवहन व्यवस्था की नई पहचान बनेगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली इको-फ्रेंडली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे।
इसे भी पढ़ें CM Nayab Singh Saini ने लिया प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा
इस ऐतिहासिक अवसर पर जींद में विशाल इको-फ्रेंडली रैली का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि इस स्वदेशी, प्रदूषण-मुक्त और पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन को लेकर पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह है और लोग इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए उत्सुक हैं। डॉ. शर्मा ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प ले, तो देश को स्वच्छ और विकसित बनाने का लक्ष्य और अधिक तेजी से पूरा किया जा सकता है।
👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A
Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK
Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite
☎समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें





