👉एमडीएच के साथ हुआ करार, अब तंजानिया, केन्या सहित अफ्रीकी देशों में खेती और कारोबार कर सकेंगे हरियाणा के किसान
👉मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 6 एफपीओ ने किए समझौते पर हस्ताक्षर
मोरनी में होगी अदरक, हल्दी और मिर्च सहित विभिन्न मसाला फसलों की खेती, किसान होगा मालामाल
Haryana News:हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य सरकार लगातार ऐसे प्रयास कर रही है, जिनसे किसान आधुनिक कृषि तकनीकों, नए बाजारों और वैश्विक अवसरों से जुड़ सकें। इसी के तहत उन्होंने ‘गो ग्लोबल’ अप्रोच को नई गति दी है। जिसके तहत अब हरियाणा के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) तंजानिया, केन्या सहित अन्य अफ्रीकी देशों में भी खेती और कृषि कारोबार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।पंचकूला के मोरनी में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में देश की प्रतिष्ठित मसाला कंपनी एमडीएच और हरियाणा के छ: किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के बीच महत्वपूर्ण करार हुआ। विदेश सहयोग विभाग और बागवानी विभाग द्वारा क्रियान्वित इस पहल का उद्देश्य किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना, उनकी आय बढ़ाना तथा कृषि क्षेत्र में नए अवसर सृजित करना है।संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार के बजट में मोरनी क्षेत्र को विकसित करने की घोषणा की गई थी, उसी के अनुरूप मोरनी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में आज यह एमओयू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को किसी भी प्रकार के घाटा होने की स्थिति में भरपाई की जाएगी। इसके अलावा प्राकृतिक खेती करने वालों किसानो को बाजार भाव से 10 प्रतिशत अधिक फसल मूल्य कंपनी द्वारा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लगभग 4 हजार एकड़ में प्राकृतिक खेती प्रारंभरिक चरण में शुरू की जाए।
इसे भी पढ़ें Punjab News : CM ਸੈਣੀ ਦੀ ਹਾਜ਼ਰੀ ‘ਚ ਕੇਵਲ ਸਿੰਘ ਢਿੱਲੋਂ ਨੇ ਸੰਭਾਲਿਆ ਨਵਾਂ ਅਹੁਦਾ
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें कृषि उद्यमिता, मूल्य संवर्धन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाना चाहती है। इसी सोच के तहत किसानों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।इस समझौते के तहत पंचकूला जिले के मोरनी क्षेत्र में अदरक, हल्दी, मिर्च सहित विभिन्न मसाला फसलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। एमडीएच किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, विपणन तथा खरीद संबंधी सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही हरियाणा में कीटनाशक-मुक्त और टिकाऊ खेती को प्रोत्साहित करते हुए किसानों से सीधे खरीद व्यवस्था को भी मजबूत बनाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता हरियाणा के किसानों को वैश्विक कृषि व्यापार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत तंजानिया, केन्या तथा अन्य अफ्रीकी देशों में कृषि एवं व्यापार की संभावनाओं को विकसित किया जाएगा। भविष्य में यदि हरियाणा के एफपीओ इन देशों में भूमि लेकर अदरक, हल्दी, मिर्च एवं अन्य मसाला फसलों की खेती करते हैं, तो एमडीएच वहां उत्पादित फसलों की खरीद के लिए भी इच्छुक रहेगी। इससे हरियाणा के किसान पहली बार देश की सीमाओं से बाहर जाकर अफ्रीकी देशों में खेती और कृषि कारोबार से जुड़ सकेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हरियाणा के किसानों को स्थानीय बाजारों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला और अंतरराष्ट्रीय बाजारों का हिस्सा बनाना है। यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, कृषि निर्यात को प्रोत्साहन देने और हरियाणा को वैश्विक कृषि व्यापार के मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की:
एमडीएच के मालिक श्री राजीव गुलाटी ने हरियाणा सरकार की इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह दीर्घकालिक उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि एक मजबूत एग्रीकल्चरल इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें सरकार, किसान और उद्योग साझेदार के रूप में मिलकर कार्य करें। हरियाणा सरकार की प्रगतिशील नीतियों तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा ऑर्गेनिक फार्मिंग को दिए जा रहे निरंतर प्रोत्साहन के माध्यम से एमडीएच एक ऐसी प्रोक्योरमेंट प्रणाली विकसित करने का अवसर देखता है, जिसमें पेस्टिसाइड-फ्री और प्रीमियम क्वालिटी कृषि उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे हरियाणा ऑर्गेनिक और सस्टेनेबल एग्रीकल्चर के क्षेत्र में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा, एमडीएच स्थानीय किसानों को समर्थन देने तथा एश्योर्ड प्रोक्योरमेंट के माध्यम से उनके उत्पादों के लिए स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इससे हरियाणा स्पाइस वैल्यू चेन में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। इससे वैश्विक मांग और आपूर्ति के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निरंतर प्रयासों से हरियाणा ग्लोबल स्पाइस इकोसिस्टम में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री पवन चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभाग द्वारा किसानों और एफपीओ को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एमडीएच के साथ हुआ यह समझौता हरियाणा के किसानों को तंजानिया, केन्या सहित अन्य अफ्रीकी देशों में कृषि एवं व्यापार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।इस दौरान मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार, विदेश सहयोग विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती अमनीत पी कुमार, हॉर्टिकल्चर विभागाध्यक्ष डॉ अर्जुन सैनी सहित प्रशासनिक अधिकारी और एफपीओ से जुड़े किसान भी मौजूद थे।
👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A
Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK
Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite
☎समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें


