80वें स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा ने दोहराया 2047 तक विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण का संकल्प

Date:

spot_img

Haryana News: हरियाणा में 80वां स्वतंत्रता दिवस राज्यभर में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों में शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की रक्षा में अपना दायित्व निभा रहे वीर जवानों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया गया। प्रदेशभर में आयोजित समारोहों में राष्ट्र के विकास में हरियाणा की भूमिका और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया गया। मंत्रियों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण, प्रदेश के समग्र विकास तथा रोजगार और आर्थिक अवसरों के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध हरियाणा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

👉भारत ने सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए विश्व में बनाई अपनी पहचान: विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण ने कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी के प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूली विद्यार्थियों के लिए 2 लाख 1 हजार रुपए की राशि देने की घोषणा भी की है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकार विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। हम 140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

👉विविधता में एकता और संविधान में अटूट आस्था से भारत बना विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र : ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने अंबाला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस तथा माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि 140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। यह आठ दशकों की हमारी लोकतांत्रिक यात्रा की बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ-’’युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब’’-को सशक्त बनाने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री विज ने उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों की सोमवार को छुट्टी तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को ’’10 लाख रुपये’’ देने की घोषणा की।इससे पहले, श्री विज ने पुलिस लाइन परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

👉विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रही हरियाणा सरकार: मंत्री कृष्णलाल पंवार
पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री श्री कृष्णलाल पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। इससे पूर्व उन्होंने जिला सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं एवं गैलेंटरी अवार्डी को सम्मानित किया गया।कैबिनेट मंत्री श्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि आज का दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को 1947 में अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी, जिसे देश ने पिछले आठ दशकों में और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सरकार ने हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा भी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्यों में शामिल है।

👉हरियाणा के आर्थिक विकास में तेजी, युवाओं, किसानों, महिलाओं सशक्तिकरण और गरीबों के कल्याण पर सरकार का विशेष फोकस:मंत्री राव नरबीर सिंह
प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग और सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सोनीपत की पुलिस लाइन में आयोजित 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया। इसके पहले पुलिस लाईन के नजदीक बने शहीदी स्मारक पर जाकर उन्होंने पुष्पचक्र भेंट करते हुए वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन महान वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जा रही है। इसके लिए इस वर्ष 178.14 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा अग्निवीर नीति-2024 बनाई गई है और ऐसा करने वाला मंत्री ने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ-साथ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण भी विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

👉कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
फतेहाबाद के स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना के साथ 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण से मनाया गया। समारोह में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।इससे पहले मुख्यातिथि कैबिनेट मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने लघु सचिवालय समीप शहीदी स्मारक पर अमर वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कैबिनेट मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।कैबिनेट मंत्री श्री महिपाल ढांडा ने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि इन सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली।
उन्होंने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हमारे वीर सैनिकों को भी विशेष रूप से नमन किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। कैबिनेट मंत्री ने सभी वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। जब-जब भारत की अस्मिता को चुनौती दी गई है, हमारे सैनिकों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है।

👉शहीदों के बलिदान से मिली आजादी, उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी : विपुल गोयल
फरीदाबाद में आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास व देश भक्ति भाव के साथ मनाया गया। समारोह में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री श्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वजारोहण करने उपरांत परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। मंत्री श्री विपुल गोयल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा उनके परिवारों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन वीरांगनाओं और शहीद परिवारों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है, जिनके परिवारजनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार, तकनीकी विकास और आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा का निर्माण करना है। वर्ष 2026-27 में हरियाणा का GSDP लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष से करीब 11 प्रतिशत अधिक है। यह कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र के संतुलित विकास का परिणाम है। सरकार निवेश, उद्योग, रोजगार, किसानों की आय और आधुनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा दे रही है। उद्योगों के लिए कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल व पारदर्शी बनाया गया है तथा एमएसएमई नीति से छोटे उद्योगों और ‘लोकल फॉर वोकल’ के साथ रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी।कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और हरियाणा की बढ़ती तकनीकी क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा समावेशी विकास है, जिसका लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों—युवा, किसान, नारी शक्ति और गरीब—को सशक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

👉देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य सेनानियों व शहीदों ने दिया सर्वोच्च बलिदान:सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा
प्रदेश के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में 80 वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नागरिक इनके योगदान को हमेशा याद रखें। महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और तेजस्वी नेतृत्व के परिणामस्वरूप वर्ष 1947 में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता दिवस पर विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण का संकल्प लें। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।

👉देश की आजादी के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता:श्याम सिंह राणा
सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को नमन किया और कहा कि देश की आजादी के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।कार्यक्रम में मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी कार्य किये हैं। सभी 24 फसलें गेंहू, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना आदि की खरीद एम.एस.पी. पर करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इसी प्रकार टमाटर, प्याज़ से लेकर लीची और शहद तक 22 सब्जी और फल को भावान्तर भरपाई योजना में शामिल करने वाला भी हरियाणा राज्य अपने किसानों का ख़्याल रखता है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की हमारी जिम्मेदारी है। हमें ऐसा हरियाणा बनाना है जहां किसान समृद्ध हो, जहां युवा रोजगार देने वाला भी बने और रोजगार पाने वाला भी, जहां हमारी बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों, जहां उद्योगों को अवसर और युवाओं को रोजगार मिले, जहां हर गरीब परिवार के पास सम्मानजनक जीवन की सुविधाएं हों, जहां गांव और शहर समान रूप से विकसित हों, जहां विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता मिले और जहां पारदर्शी शासन जनता के विश्वास को और मजबूत करे।

👉शहीदों के परिवारों का सम्मान एवं कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
करनाल में 80 वें स्वतंत्रता दिवस के समारोह के अवसर पर स्थानीय नई अनाज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। मंत्री ने इससे पूर्व कर्ण पार्क के नजदीक स्थापित शहीदी स्मारक पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित की और शहीदों को नमन किया। कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम युवा शक्ति—विकसित भारत @ 2047 की यात्रा का नेतृत्व युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी देश के लिए गौरव का विषय है। ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है।

👉भारत को मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी : मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज का दिन देश के लिए गौरव और संकल्प का दिन है। क्योंकि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है, जो प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान से मिली आजादी को मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकसित हरियाणा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को कैथल के पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। साथ ही प्रदेशवासियों को 80 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों को नमन किया। मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज का दिन देश के लिए गौरव और संकल्प का दिन है। सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में करीब सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

👉पंचकूला में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी
हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने आज देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचकूला के परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्यातिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने सेक्टर-12 स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि वे भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सबकुछ न्योछावर करने वाले ज्ञात, अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रृद्धापूर्वक नमन करती हैं । उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने जल सुरक्षा, नहर आधुनिकीकरण, बाढ़ नियंत्रण, भूजल संरक्षण और कुशल सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जल सुरक्षित हरियाणा कार्यक्रम के तहत 5714 करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत की जा रही है, जिसके तहत 678 नहरों का पुनर्वास और नवीनीकरण, नहरों से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 620 जल धाराओं का पुनर्वास और 120 नहर आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं का अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अलावा वर्षा जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के लिए 131 नई वाटर बोडिज विकसित की जाएंगी। लगभग 2 लाख एकड़ भूमि को जलभराव की समस्या से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बाढ नियन्त्रण उपायों को मजबूत करने के लिए 4370 किलो मीटर ड्रेंस की सफाई की गई है और अधिक से अधिक पंप और अन्य उपकरण उपलब्ध करवाए गए। श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि हमारी बेटियां और महिलाएं हरियाणा की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में प्रदेश की बेटियों ने अपनी छाप बनाई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं और बेटियों के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है।

👉महिला सशक्तिकरण के साथ विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर भारत : आरती सिंह राव
झज्जर में स्थित रोडवेज वर्कशॉप परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह में पहुंचकर ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। वन्देमातरम गायन के साथ ही ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान की धुन से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। इससे पहले कुमारी आरती सिंह राव ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। डीसी वर्षा खांगवाल और पुलिस आयुक्त सिमरदीप सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया। स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने अपने संबोधन में देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों का योगदान भी अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार का प्रयास है कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को सम्मान के साथ विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने अमर शहीद राव तुलाराम को नमन करते हुए कहा कि ऐसी महान विभूतियों के त्याग व समर्पण से युवा शक्ति को जीवन में आगे बढ़ने का सकारात्मक संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के साथ विकसित राष्ट्र बनने की ओर भारत अग्रसर हो रहा है।स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में एक नया चिकित्सा विश्वविद्यालय तथा 12 चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। इनमें पांच सरकारी और सात निजी चिकित्सा महाविद्यालय शामिल हैं। चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस की 2,260 और स्नातकोत्तर की 788 सीटों की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि भिवानी में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है और इसमें ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 से यहां 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला शुरू किया गया है। नारनौल के कोरियावास में भी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण पूरा हो चुका है, जहां 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिला तथा ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।

👉युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब के सशक्तिकरण से मजबूत हो रहा हरियाणा :विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरूग्राम के सेक्टर 38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्य अतिथि के तौर पर समारोह में ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम की शुरूआत ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्र गीत के साथ हुई। जिला स्तरीय समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर अनोखी छटा बिखेरी। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा देश की आर्थिक प्रगति को गति देने वाले प्रमुख राज्यों में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है और ‘विकसित भारत’ के साथ ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति को बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हरियाणा के प्रत्येक वर्ग को प्रगति के अवसर मिलें।उन्होंने कहा कि हरियाणा आज उद्योग, कृषि, सेवा क्षेत्र, निवेश, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। डॉ मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों—युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब—को सशक्त बनाते हुए ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार की विकास नीति के केंद्र में समाज का प्रत्येक वर्ग है। सरकार का मानना है कि विकास केवल आर्थिक आंकड़ों में वृद्धि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी सार्थकता तभी है जब प्रदेश के गरीब परिवारों का जीवन स्तर बेहतर हो, किसानों को समृद्धि मिले, महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल तथा रोजगार के नए द्वार खुलें।

👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A

Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK

Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite

समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
spot_img
spot_img

Share post:

Popular

More like this
Related

ਸ਼ਹੀਦਾਂ ਦੇ ਸੁਪਨਿਆਂ ਦਾ ਰੰਗਲਾ ਪੰਜਾਬ ਸਿਰਜ ਰਹੀ ਹੈ ਭਗਵੰਤ ਮਾਨ ਸਰਕਾਰ-ਗੁਰਮੀਤ ਸਿੰਘ ਖੁੱਡੀਆਂ

👉ਖੇਤੀਬਾੜੀ ਤੇ ਕਿਸਾਨ ਭਲਾਈ ਮੰਤਰੀ ਨੇ 80ਵੇਂ ਆਜ਼ਾਦੀ ਦਿਹਾੜੇ...

‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा हरियाणा: नायब सिंह सैनी

👉80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने...