250 सीएम-ईईई स्कूल, 900 विद्यालयों में आईसीटी लैब की मंजूरी
मेडिकल कॉलेजों, निशुल्क डायलिसिस और आयुष्मान-चिरायु से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, उच्च शिक्षा के अवसर, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार और जरूरतमंदों के लिए उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा के लिए पीएम-श्री की तर्ज पर 250 सीएम-ईईई स्कूल खोले गए हैं। पी.एम.-श्री और समग्र शिक्षा योजना के तहत 900 सरकारी स्कूलों में आई.सी.टी. लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक सीखने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 441 अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से लगभग एक लाख विद्यार्थियों को नवाचार और अनुसंधान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नए राजकीय महाविद्यालयों के निर्माण और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 135 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कुल 84 राजकीय महाविद्यालय खोले गए, जिनमें से 33 महाविद्यालय केवल लड़कियों के हैं। प्रदेश के 17 जिलों में 44 करोड़ रुपये की लागत से 350 अटल लाइब्रेरी खोली गई हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के कर-कमलों से 2 नए मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण किया गया। इनमें 593 करोड़ रुपये से बना पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, भिवानी तथा 844 करोड़ रुपये से बना महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम अस्पताल, कोरियावास, नारनौल शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2014 तक केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 18 हो गई है। इस प्रकार, सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कुल 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले हैं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के अरुआ व दयालपुर, कैथल के घेरडू, कुरुक्षेत्र के खेड़ी रामनगर और पंचकूला के खेड़ावाली में 220 करोड़ रुपये से 5 नर्सिंग कॉलेज खोले गए। सरकार बनते ही 18 अक्टूबर, 2024 से सभी नागरिक जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवाएं शुरू की गईं।उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये सालाना तक निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। गत 17 जुलाई, 2026 से आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना- चिरायु का दूसरा चरण शुरू किया गया। इसके तहत 3 लाख से 6 लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवार 4 हजार रुपये तथा 6 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार 5 हजार रुपये सालाना प्रीमियम देकर लाभ ले सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के अंतर्गत अब तक 39 लाख मरीजों का 6 हजार करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि निरोगी हरियाणा योजना में अब तक 1 करोड़ 4 लाख व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई और 6 करोड़ 13 लाख लैब टेस्ट निःशुल्क किए गए। पानीपत के नागरिक अस्पताल को 200 से 300 बेड और समालखा को 50 से 100 बेड में अपग्रेड किया गया है। उन्होंने कहा कि लाडवा और नारायणगढ़ में 50 बेड के नागरिक अस्पताल बनाये गये हैं। अंबाला, फरीदाबाद, कैथल, पलवल, रेवाड़ी और नूंह के जिला अस्पतालों का 28 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए नकदी रहित उपचार स्कीम-2025 शुरू की गई है।इस मौके पर मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, आयुक्त एवं सचिव श्री अशोक मीणा, आयुक्त एवं सचिव श्री के मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर श्री राजीव जेटली सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A
Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK
Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite
☎समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें



