👉मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार को तथ्यों व आंकड़ों के साथ घेरा
Haryana News: संबंधित तथ्यों और आंकड़ों की तुलना करते हुए पंजाब सरकार को फेल सरकार बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब के हालात तो आज पश्चिम बंगाल से भी बुरे हो गए हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को हरियाणा निवास में सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में लाभ राशि के सीधे हस्तांतरण उपरांत प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के शासनकाल में आम जनता पर अत्याचार होता था, लोगों को दिनदहाड़े मौत के घाट उतार दिया जाता था और पुलिस में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी। कुछ ऐसे ही हालात आज पंजाब में हो गए हैं। पंजाब में नशा और कानून व्यवस्था सरकार के नियंत्रण से बाहर है। हाल ही में पंजाब में हुए बम ब्लास्ट के संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है जबकि वहां के डीजीपी के अनुसार इसके तार आईएसआई से जुड़े हो सकते हैं। पंजाब सरकार नशे व माइनिंग को नियंत्रित करने का झूठा दिखावा कर रही है।उन्होंने कहा कि पहले पंजाब के लोग कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग हो गए थे, लेकिन वर्तमान पंजाब सरकार तो भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी चार कदम आगे निकल गई है। आज पंजाब के लोग इलाज के लिए तड़प रहे हैं, आम आदमी प्रताड़ित हो रहा है। पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आने वाले विधानसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं। पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद वहां भी वही योजनाएं लागू की जाएंगी जो हरियाणा में लागू की गई हैं।
उनके पंजाब दौरों पर विपक्ष द्वारा उठाई जा रही आपत्ति के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग उन्हें प्यार से अपने कार्यक्रमों में बुलाते हैं तो इससे विपक्ष के पेट में दर्द क्यों होता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने 55 साल के शासन के दौरान कांग्रेस ने देश को कमजोर, आम आदमी को परेशान और भ्रष्टाचार के सहारे अपने आप को मजबूत करने का काम किया है। कांग्रेस के पास न नीति है न काम करने की नीयत है और जब जनता इन्हें सिंहासन से उतारती है तो ये कहते हैं कि वोट चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हमारी सरकार को घुसपैठियों की सरकार कहते हुए जरा भी शर्म नहीं आती है जबकि सच्चाई यह है कि देश में जितने भी घुसपैठिए आए हैं वह सब कांग्रेस सरकार के समय आए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री श्री अमित शाह की दूरदर्शी सोच व रणनीति से घुसपैठियों को देश से बाहर का रास्ता दिखाया है और भारत को विश्व के एक मजबूत देश के रूप में स्थापित किया है। राहुल गांधी सरेआम संविधान का अपमान करने से भी नहीं चूकते हैं। कांग्रेस और आम आदमी सहित इंडिया गठबंधन के नेता रात को इकट्ठे बैठकर योजना बनाते हैं और दिन में मोदी जी को गाली देते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश व राजस्थान के गत विधानसभा चुनावों में हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा को हराने के लिए पैसा खर्च करके डमी उम्मीदवार खड़े किए, लेकिन जनता ने इंडिया गठबंधन को असली आइना दिखा दिया। इन विपक्षी दलों का यही हाल अब पंजाब में भी होने वाला है। इंडिया गठबंधन के नेता लोकतंत्र का सम्मान नहीं करते और हार जाने के बावजूद कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें 👉देश का पहला पूरी तरह डिजिटल महाधिवक्ता कार्यालय बना हरियाणा कार्यालय
एक प्रश्न के उत्तर में श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा काफी पहले की गई घोषणा के बावजूद आज तक वहां महिलाओं को आर्थिक लाभ नहीं दिया गया। हरियाणा के वर्तमान बजट में महिलाओं के लिए 6500 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान करने के बाद पंजाब सरकार ने लोकदिखावा करते हुए आनन-फानन में विधानसभा में महिलाओं के लिए घोषणा कर दी जबकि अभी तक एक महिला को भी लाभ नहीं मिला है। इस मामले में पंजाब सरकार सिर पर आए चुनाव को देखकर केवल राजनीति कर रही है। इसके विपरीत हरियाणा में महिलाओं को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रतिमाह 2100 रुपये दिए जा रहे हैं जिसकी 7वीं किश्त आज महिलाओं के खातों में भिजवा दी गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने न केवल इस बार के बजट में इस योजना की राशि को 5000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 6500 करोड़ कर दिया है बल्कि पात्र परिवार की सालाना आय की शर्त को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये करके और अधिक महिलाओं को इस योजना के दायरे में लाना सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विपक्ष महिलाओं को गुमराह करने के लिए यह दुष्प्रचार कर रहा है कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं को अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा ऐसा कुछ भी नहीं किया जाएगा, लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं को अन्य योजनाओं का लाभ पूर्व की भांति ही मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में महिलाओं को जागरूक किया जाएगा ताकि बची हुई पात्र महिलाओं को भी योजना में शामिल किया जा सके।
इसे भी पढ़ें 👉Haryana News: वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में ज्यादा संवेदनशील बनें अधिकारी: मुख्य सचिव
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में किसानों से 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है और इसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से 48 घंटों के भीतर किया जाता है। दूसरी तरफ पंजाब का किसान आज अपना आलू सड़कों पर फैंकने पर मजबूर है, वहां के किसान अपने बाजरे की फसल 1000 से 1500 रुपये प्रति क्विटल के भाव पर बेचने को विवश हैं जबकि हरियाणा में आलू-गोभी व बाजरे सहित न केवल 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है बल्कि फलों व सब्जियों को भी भावांतर भरपाई योजना के तहत एक निर्धारित मूल्य किसानों को देना सुनिश्चित किया जा रहा है। मैंने एक बार स्वयं पंजाब के मुख्यमंत्री को कहा था कि आपको भी अपने किसानों के हित में सभी 24 फसलें एमएसपी पर खरीदनी चाहिए। आज हरियाणा सरकार प्रदेश के लोगों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ डिजिटल माध्यम से पारदर्शी, सरलता व जवाबदेही के साथ दे रही है। इसी कड़ी में आज से हरियाणा के किसानों को फसल बेचने पर मिलने वाला जे-फार्म भी उनके मोबाइल एप पर मिलने लगा है, इसके लिए अब उन्हें आढ़तियों के पास जाने की जरूरत नहीं है। इसी प्रकार भवनों के नक्शे पास करने की प्रक्रिया को भी आज से ऑनलाइन, पेपरलैस व फेसलैस करते हुए इसके लिए ‘हरियाणा ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अपू्रवल सिस्टम’ की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष हमारे पोर्टल सिस्टम की आलोचना करते हुए अपनी सरकार आने पर इसे हटाने की बात करता है। इसका सीधा अर्थ यही है कि विपक्ष भ्रष्टाचार का समर्थन करता है, क्योंकि पोर्टल के माध्यम से आमजन को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ घर बैठे ही मिल रहा है और जनता भी इससे खुश है।
इसे भी पढ़ें 👉हरियाणा में चलेगा दहेज के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान;एसडीएम होंगे दहेज निषेध अधिकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का किसान आज अपने को ठगा हुआ महसूस कर रहा है, क्योंकि उसके हाथ कुछ नहीं लगा है जबकि हरियाणा सरकार द्वारा अपने 3.70 लाख से अधिक किसानों को खरीफ-2025 फसल के नुकसान पर 486 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। वर्तमान सरकार ने अपने साढ़े 11 साल के कार्यकाल में किसानों को 16530 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है जबकि कांग्रेस सरकार ने दस सालों में केवल 1138 करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान किया था।पंजाब के आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में आने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन सभी सांसदों ने नारी सम्मान की बात कही थी और केंद्र सरकार द्वारा संसद में रखे गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन की बात कही थी, लेकिन अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान यह नहीं चाहते थे कि नारी के सम्मान का अधिनियम पारित हो। आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने अपनी आत्मा की आवाज पर अपनी पार्टी छोड़कर केजरीवाल से मुक्ति पाई है। इससे पहले ‘आप’ के अन्य कई बड़े नेताओं ने भी पार्टी से भागकर अपनी जान बचाई है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के विधायक भी ‘आप’ में घुटन महसूस कर रहे हैं और पार्टी से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं।
👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A
Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK
Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite
☎समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें




