👉स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान; ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर होंगे विशेष कार्यक्रम
👉मुख्य सचिव ने की ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की समीक्षा
Haryana News:स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेशभर में व्यापक जनभागीदारी के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 चलाया जाएगा। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के तहत बीपीएल परिवारों को राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि अन्य नागरिकों के लिए तिरंगा बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेशभर में देशभक्ति संगीत समारोह, बाइक एवं साइकिल रैलियां, प्रदर्शनियां, सार्वजनिक भवनों पर तिरंगा लाइटिंग, डिजिटल अभियान और जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।आज यहां इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, उपायुक्तों तथा विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देश दिए कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामीण एवं शहरी स्थानीय निकायों, पुलिस, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न सामुदायिक समूहों के समन्वित प्रयासों से इन कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
इसे भी पढ़ें Haryana में 77वां राज्यस्तरीय वन महोत्सव उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया
सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करना है।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता, ‘वंदे मातरम्’ विषय पर देशभक्ति तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनियां, तिरंगा यात्राएं, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ डिजिटल अभियान, सरकारी भवनों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा रोशनी, विशाल तिरंगा रंगोली, देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के आधिकारिक संस्करण का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा।सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि अभियान के तहत राज्य, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर, साथ ही स्कूल-कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशनों और नगर उद्यानों में तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इन प्रदर्शनियों में विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक आगंतुकों का मार्गदर्शन करेंगे।उन्होंने बताया कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), गैर-सरकारी संगठन तथा शैक्षणिक संस्थानों को अपने परिसरों से बाहर भी इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रमुख शहरी क्षेत्रों में तिरंगा सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे तथा नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी तस्वीरें अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।उपायुक्त अपने-अपने जिलों में आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही सभी सरकारी वेबसाइटों पर अभियान का लिंक प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक डिजिटल माध्यम से इस अभियान से जुड़ सकें।
अभियान के दौरान सरकारी भवनों, अस्पतालों, विद्यालयों, पुलों तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को तिरंगे की रोशनी से सजाया जाएगा। इसके अलावा बाजारों, बस अड्डों, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, प्रमुख सड़कों एवं महत्वपूर्ण चौकों को भी आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। जिला प्रशासन स्थानीय कलाकारों, शैक्षणिक संस्थानों एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से प्रमुख स्थानों पर देशभक्ति एवं वंदे मातरम् विषयक विशाल तिरंगा रंगोलियां भी तैयार कराएगा।मुख्य सचिव ने बैठक में 14 अगस्त को मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की। इस अवसर पर पंचकूला स्थित इंद्रधनुष सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी जिलों में स्मृति समारोह, प्रदर्शनियां, वृत्तचित्र प्रदर्शन, संस्कृति मंत्रालय द्वारा अनुमोदित पटकथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां, विभाजन से प्रभावित परिवारों के साथ संवाद तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शैक्षणिक संस्थानों को माई जीओवी पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज़ में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।राज्य स्तरीय कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन एवं मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि के साथ किया जाएगा।बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव श्री विजय सिंह दहिया, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री अशोक कुमार मीणा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के महानिदेशक श्री अंशज सिंह, विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक श्री अनीश यादव, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) कैप्टन मनीष कुमार लोहान तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A
Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK
Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite
☎समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें






