👉गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों में जुटा कुरुक्षेत्र
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में वीरवार को गीता ज्ञान संस्थानम, कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर कुरुक्षेत्र की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महोत्सव के आयोजन को लेकर अपने सुझाव एवं विचार मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने सभी संस्थाओं से मिलकर महोत्सव को भव्य, गरिमापूर्ण और जनभागीदारी से युक्त बनाने का आह्वान किया।
👉गीता जीवन के संघर्षों में प्रकाश देने वाला ग्रंथ : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला संदेश है। महात्मा गांधी के गीता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गांधी जी गीता को जीवन की कठिन परिस्थितियों और संघर्षों में मार्गदर्शन एवं सांत्वना देने वाला ग्रंथ मानते थे। इसी प्रकार लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने गीता के कर्मयोग पर विशेष बल देते हुए कर्तव्य के प्रति निष्ठा और कर्म करते रहने का संदेश दिया। श्री अरविंद के विचारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता का संदेश जीवन से विमुख होने का नहीं, बल्कि कर्म और आध्यात्मिक चेतना के माध्यम से जीवन को बेहतर दिशा देने का है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से गीता के इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास होना चाहिए। महोत्सव की प्रत्येक गतिविधि में गीता का संदेश केंद्र में रहे और यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति कुरुक्षेत्र की संस्कृति तथा गीता के संदेश को अपने साथ लेकर लौटे।
👉स्वच्छ कुरुक्षेत्र, पवित्र कुरुक्षेत्र’ बने सामूहिक संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र का वातावरण गीता की भूमि की गरिमा के अनुरूप स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रहे, इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने ‘स्वच्छ कुरुक्षेत्र, पवित्र कुरुक्षेत्र’ को सामूहिक संकल्प बनाने का आह्वान किया। मंदिरों, आश्रमों, धर्मशालाओं, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से किया जाए, ताकि प्रत्येक आगंतुक को कुरुक्षेत्र में अपनत्व और सम्मान का अनुभव हो।
👉महाभारतकालीन थीम पर विकसित होंगे कुरुक्षेत्र के चौक
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र के सभी प्रमुख चौकों को महाभारत कालीन थीम पर विकसित किया जाएगा। इससे शहर के विभिन्न हिस्सों में कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि पूरी कुरुक्षेत्र नगरी गीता और भगवान श्रीकृष्ण की नगरी के भाव को प्रतिबिंबित करे।मुख्यमंत्री ने धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से अपने-अपने स्तर पर महोत्सव की तैयारियों में सहयोग करने तथा अपने सुझाव प्रशासन के साथ साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्थाओं और नागरिकों की सहभागिता से ही महोत्सव को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जा सकता है।
👉गीता महोत्सव में सद्भावना के साथ सहभागी बनें सभी संस्थाएं : स्वामी ज्ञानानंद महाराज
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि सभी धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं सद्भावना के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव से जुड़ें। इससे तीर्थ, कुरुक्षेत्र और हम सभी का गौरव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में प्रशासन के साथ-साथ सभी संस्थाओं को भी आगे आकर अपना योगदान देना चाहिए।उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति और संस्था से आग्रह किया कि ‘18 मिनट गीता के नाम’ पहल से जुड़ें। उन्होंने कहा कि गीता के प्रति जागृति का संदेश तभी सार्थक होगा, जब गीता के सूत्र हमारे व्यवहार में भी दिखाई दें। उन्होंने कहा कि गीता के गौरव को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है और गीता के सूत्रों को अपने जीवन में अपनाने की पहल को महोत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाना चाहिए।इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता, पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव श्री उपेंद्र सिंघल, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती सहित कुरुक्षेत्र की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के आध्यात्मिक गुरु, प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A
Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK
Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite
☎समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें




