👉नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत
👉मुख्यमंत्री बोले – फिल्म निर्माण में तकनीक का प्रयोग करें, इसके साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और संस्कृति को न छोड़ें
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित फिल्म एक्सपो इंडिया कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग कलाकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा भारतीय सिनेमा की नई शक्ति बनकर ऊभरा है। भाषा अब दीवार नहीं रही। एक अच्छी कहानी हर भाषा की सीमा पार कर सकती है और आज अच्छी कहानी पूरी दुनिया देख सकती है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को हरियाणा में फिल्म शूट करने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि आप हरियाणा आइए हम आपको शूटिंग लोकेशन ही नहीं सहयोग भी देंगे। इस मौके पर उन्होंने मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस की भी शुभकामनाएं दी।मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस फिल्म एक्सपो की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक्सपो भारत की प्रतिभा ही नहीं बल्कि भारत की रचनात्मक शक्ति, भारत की संस्कृति का भी उत्सव है। यह उत्सव उस भारत का है, जो अपनी कहानियां स्वयं लिख रहा है। इन कहानियों को भारत पूरी दुनिया को सुना रहा है। इस फिल्म एक्सपो में कैमरा भी है, निर्माता भी हैं, निर्देशक भी हैं, कलाकार भी हैं, लेखक भी हैं, जो महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे पास सबसे महान कहानियां हैं। इसी धरती ने हमें रामायण दी, इस भारत भूमि ने हमें महाभारत दी है। इसी पवित्र भूमि ने कृष्ण लीला दी है। इसी धरती ने वीरों के बलिदान की गाथाएं दी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने फिल्म एवं मनोरंजन नीति-2022 लागू कर प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए एक अनुकूल और फिल्म-फ्रेंडली माहौल तैयार किया है। प्रदेश सरकार हरियाणा में फिल्म शूट करने पर 2 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दे रही है।
इसे भी पढ़ें नूंह को 174.66 करोड़ रुपये की 22 विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
👉सिनेमा समाज का दर्पण है
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे देश में सिनेमा कभी केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा। सिनेमा समाज का दर्पण भी है और समाज को नई दिशा दिखाने वाली शक्ति भी है। युवा पीढ़ी के विचारों और आकांक्षाओं को प्रभावित करने की जितनी क्षमता सिनेमा में है, उतनी बहुत कम माध्यमों में है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1913 में दादा साहब फाल्के की ‘राजा हरिश्चंद्र’ से शुरू हुई भारतीय सिनेमा की यात्रा आज तकनीक और वैश्विक पहुंच के एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है। भारत दुनिया में सबसे अधिक फिल्में बनाने वाले देशों में है और हमारी ताकत केवल हिन्दी सिनेमा नहीं, बल्कि हमारी भाषाई और सांस्कृतिक विविधता भी है। भारत के पास हजारों वर्षों की सभ्यता है, लोककथाएं हैं, महाकाव्य हैं, वीरता की गाथाएं हैं, गांव की चौपालों की कहानियां हैं, जनजातीय परंपराएं हैं, अलग-अलग भाषाएं और अनगिनत बोलियां हैं। उन्होंने कहा कि अब आवश्यकता है कि भारत की कहानी, भारत की आवाज में, भारत की प्रतिभा और आधुनिकतम तकनीक के साथ दुनिया तक पहुंचे। इसी दिशा में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने क्रिएट इन इंडिया, क्रिएट फॉर द वर्ल्ड, का विजन दिया है।
👉तकनीक के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और संस्कृति को न छोड़ें
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने फिल्म एक्सपो इंडिया की टीम को बधाई दी और कहा कि यह आयोजन वास्तव में फिल्म निर्माण के पूरे इको-सिस्टम को एक मंच पर लाने का अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया का मनोरंजन उद्योग तेजी से बदल रहा है। एक समय कहानी कागज पर लिखी जाती थी, कैमरे पर शूट होती थी और सिनेमा हॉल तक पहुंचती थी। आज उसी कहानी के साथ एआई, वीएफएक्स, एनीमेशन, गेमिंग, वर्चुअल प्रोडक्शन, एक्सटेंडेड रियलिटी और ओटीटी जैसे नए माध्यम जुड़ गए हैं। अब कैमरे के सामने खड़ा कलाकार जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण कंप्यूटर के सामने बैठा वह युवा भी है, जो अपनी तकनीकी प्रतिभा से काल्पनिक दुनिया को स्क्रीन पर जीवंत करता है। उन्होंने कहा कि भविष्य का सफल फिल्मकार वही होगा, जो नई तकनीक को खुले मन से अपनाएगा, लेकिन अपनी मानवीय संवेदनाओं और सांस्कृतिक जड़ों को कभी नहीं छोड़ेगा। फिल्म कलाकार मुकेश ऋषि ने हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों व फिल्मों को लेकर बनाई गई नीतियों पर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा की। फिल्म कलाकार प्रीति सप्रू ने भी सिने आर्टिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट और फिल्म एक्सपो के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर फिल्म कलाकार बिंदु दारा सिंह, निर्देशक ज्योति यादव, कलाकार पुनीत ईशर व बलबीर सिंह रंधावा मौजूद रहे।
👉नवीनतम समाचार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
Whatsapp Channel 👉 🛑https://whatsapp.com/channel/0029VbBYZTe89inflPnxMQ0A
Whatsapp Group👉 🛑https://chat.whatsapp.com/EK1btmLAghfLjBaUyZMcLK
Telegram Channel👉 🛑https://t.me/punjabikhabarsaarwebsite
☎समाचार और विज्ञापनों के लिए, हमारे व्हाट्सएप नंबर +91 98786-15057 पर संपर्क करें




